कठुआ। लखनपुर के रास्ते होने वाली मवेशी तस्करी को रोकने के लिए सक्रिय पुलिस ने तस्करी के एक प्रयास को विफल बनाते हुए 15 मवेशियों को मुक्त करा लिया है। मवेशियों की तस्करी के इस मामले में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार की दोपहर की गई इस कार्रवाई के संबंध में लखनपुर थाना प्रभारी विजय कोतवाल ने बताया कि प्रवेशद्वार पर लगाए गए नाके के दौरान दोपहर करीब 2 बजे एक संदिग्ध ट्रक को पड़ोसी राज्य पंजाब की ओर से आता देखा गया। जिसे नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जांच के लिए रोक लिया। गहन तलाशी के बाद पुलिस को ट्रक में लदे नमक की बोरियों के बीच15 मवेशी मिले, जिन्हें पुलिस ने तस्करों से मुक्त करवा लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ट्रक के चालक शब्बीर अहमद पुत्र हाशिम दीन निवासी बेली चराना जम्मू को गिरफ्तार करते हुए ट्रक को भी जब्त कर लिया है।