जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव अधिकारियों को मतपेटी के उपयोग की जानकारी देते मास्टर ट्र
- फोटो : KATHUA
कठुआ। आगामी 27 जून को होने वाले होने वाले जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनावी प्रक्रिया को अंजाम देने वाले चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण के दूसरे चरण में उन्हें मतपत्र के साथ मतपेटी के उपयोग और सुरक्षा की जानकारी दी गई। बुधवार को शहर के महिला डिग्री कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने सभी चुनाव कर्मियों को चुनाव की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के बारे में जागरूक किया।
इस मौके पर जिला के मुख्य कृषि अधिकारी संजीव राय ने बताया कि जिला के 11 निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में चार निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। ऐसे में बाकी बचे 7 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया को अंजाम दिया जाना है। जिसके लिए कुल 14 मतदान केंद्र बना दिए गए है। उन्होंने बताया कि सभी 7 निर्वाचन क्षेत्रों में पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए यहां तैनात होने वाले 28 मतदान अधिकारी व 14 पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 11 जून को प्रशिक्षण के पहले चरण में उन्हें मतपेटी व मतपत्र और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जा चुकी है। 26 जून को भी मतदान के लिए रवाना होने से पूर्व इन्हें पोलिंग पार्टियों में विभक्त कर और विस्तार में जानकारी दी जानी है, ताकि किसी प्रकार की चूक न रहे।