कठुआ। जिले में इंटर स्कूल जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। सोमवार को शहर के राजकीय डिग्री कॉलेज के मैदान में कठुआ जोन के मुकाबले खेले गए। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के दौरान पूरे जोन से आए 220 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार की देखरेख में 14,17, और 19 लड़कों के मुकाबलों का उद्घाटन राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की देखभाल करने के लिए फील्ड स्टाफ को सलाह दी।
प्रतियोगिता के अंडर 14 ट्रैक इवेंट में 100 मीटर की रेस सरकारी मिडिल स्कूल वरमोरा के अभिषेक ने जीती। 200 मीटर रेस में मिडिल स्कूल तरफ सांझी के विशाल ने अपने नाम की। 400 मीटर रेस में नव आदर्श स्कूल के ऋषभ ललोत्रा और 600 मीटर रेस में सरकारी मिडिल स्कूल चक शेखां के बलविंदर सिंह ने जीत हासिल की। वही फील्ड इवेंट मुकाबलों में सरकारी मिडिल स्कूल तरफ सांझी के विशाल कुमार ने शॉटपुट में जीत हासिल की। नव आदर्श हायर स्कूल कठुआ के ऋषभ ललोत्रा ने हाई जंप, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल तरफ सांझी विशाल कुमार ने लांग जंप, सरकारी मिडिल स्कूल मुट्ठी जागीर के अजय कुमार ने डिस्कस थ्रो में जीत हासिल की।
अंडर-17 आयु वर्ग के ट्रैक इवेंट मे हाई स्कूल खोख्याल के रोहित कुमार ने 100 मीटर रेस में जीत हासिल की। 200 मीटर रेस में नव आदर्श स्कूल कठुआ के ऋषभ, 400 मीटर में हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी के अवतार, 800 मीटर रेस में हायर सेकेंडरी स्कूल जखबड़ के रामजीत सिंह, 15 मीटर रेस में हाईस्कूल जराई के रोशन कुमार और 3000 मीटर दौड़ में हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी के मीसम हुसैन ने जीत हासिल की। इसी वर्ग के फील्ड इवेंट में हुई लांग जंप की प्रतियोगिता हाई सेकेंडरी स्कूल जखबड़ के रामजीत ने अपने नाम की। वही हाई जंप में हाई स्कूल जराई के रफी अव्वल रहे और डिस्कस थ्रो में हायर सेकेंडरी स्कूल के पवन कुमार को जीत हासिल हुई।
अंडर 19 आयु वर्ग के ट्रैक इवेंट में 100 मीटर की रेस हायर सेकेंडरी स्कूल बॉयज कठुआ के मोहम्मद रशीद अहमद, 200 मीटर की रेस इंडियन पब्लिक स्कूल के रुद्राक्ष जसरोटिया, 400 और 800 मीटर की रेस में हाई सेकेंडरी स्कूल जखबड़ के बृजभूषण ने जीत हासिल की। इसी तरह 15 सौ और 3 हजार मीटर रेस में हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के पिंका कुमार विजेता रहे। जबकि फील्ड इवेंट में लांग जंप का मुकाबला हाई सेकेंडरी स्कूल कठुआ के मोहम्मद लतीफ के नाम रहा। डिस्कस थ्रो में हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के सूर्य प्रताप सिंह, शॉट पुट में हायर सेकेंडरी स्कूल जख्रबड़ के भूपेंद्र कुमार और जैवलिन थ्रो में हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के सूर्य प्रताप सिंह विजेता रहे।