अवैध शराब के कारोबार को बंद कराए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते मीरपुर जग्गो वासी। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। नगरी क्षेत्र के गांव मीरपुर जग्गो में बढ़ रहे अवैध शराब के कारोबार के विरोध में अब गांव एकजुट हो गया है। रविवार को काफी संख्या में जमा हुए ग्रामीणों ने अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पुलिस व प्रशासन को भी चेतावनी दी है कि यदि अब शराब के इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे मुकेश कुमार ने कहा कि उनके गांव में लगातार बढ़ते जा रहे अवैध शराब के कारोबार का गांव के आम लोगों पर असर पड़ रहा है। इस अवैध कारोबार को रोकने के लिए गांव के लोगों ने पिछले दिनों एसएसपी से मिलकर ठोस कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। इस दौरान एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह जल्द डीएसपी हेडक्वार्टर को निर्देशित करेंगें कि वह नगरी पुलिस के साथ मिलकर अवैध शराब के कारोबार को करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं। लापरवाही का आलम यह है कि लंबा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कदम नही उठाया गया। जिसके कारण आज भी गांव में शराब का अवैध कारोबार पूर्व की भांति ही चल रहा है। वहीं गत दिनों नगरी में हुए ब्लॉक दिवस के दौरान भी इस समस्या को उठाया गया। तब भी एसएसपी ने पिछले तीन सालों में नशे के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस द्वारा की कार्रवाईयों का लेखाजोखा प्रस्तुत कर बात को रफा-दफा कर दिया। उन्होंने कहा कि जब गांव के लोग अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का साथ देने के लिए तैयार हैं तो आखिर पुलिस को कार्रवाई करने में क्या समस्या आ रही है। इसका जवाब उन्हें देना होगा। वहीं इस मौके पर पीडीपी नेता मंगलदास ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के कारण मीरपुर जग्गो ही नही कई अन्य गांवों में इस तरह की समस्या बढ़ती जा रही है। अवैध रूप से होने वाले इस तरह के कारोबार के कारण हमारी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। लेकिन इस बुराई को जड़ से मिटाने के लिए अभी कोई प्रभावी रोडमैप नही तैयार हो सका है। जिसके कारण अगर एक-आध बार पुलिस किसी को पकड़ती है तो न्यायालय से जमानत लेने के बाद वही लोग फिर से इस कारोबार में जुट जाते हैं। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।