बिजली की समस्या को लेकर प्रदर्शन करते वार्ड 14 के लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के वार्ड 14 में बिजली ढ़ाचे के विकास के तहत होने वाली केबलिंग और नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने के दौरान अनियमितता बरते जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। बुधवार को वार्ड के लोगों ने ढांचे के विकास कार्य को देख रही कंपनी और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल कौशल शर्मा ने कहा कि उनके वार्ड में जिस तरह से जर्जर खंभों बिजली की नई लाइनों को बिछाया जा रहा है आने वाले दिनों में वह समस्या का कारण बनेगा। वार्ड के लोग जब अपने खंभों को बदलने के लिए नई लाइन बिछाने का काम रही कंपनी के कर्मचारियों से बात करते हैं तो वह नए खंभे लगाने के नाम पर उनसे पैसे मांगते हैं। इसी तरह के नई लाइन को बिछाने के दौरान खंभें पर वितरण बाक्स स्थापित किया जा रहा है वह इतनी ऊंचाई पर लगाया जा रहा है। कि जब भी उनकी बिजली खराब होती है तो बिजली कर्मी को वहां तक पहुंचाने के इंतजाम में उपभोक्ता के पांच सौ रुपये खर्च हो जा रहे है। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड के पार्क में ऐसी जगह नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। जो आने वाले दिनों में पार्क आने वाले लोगों के लिए खतरा बन सकता है। ऐसी स्थिति में नया ढांचा लोगों को भविष्य में सुविधा कम परेशानी ज्यादा देगा। इस बारे में जब भी बिजली कर्मियों से बात कर लोगों की आवश्यकता के अनुसार काम करवाने की बात की जाती है। तो उनका कहना होता है कि केबलिंग के काम में लगी कंपनी के कर्मचारी उनकी बात नही मानते। अगर ऐसा है तो विभाग कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नही करता है। जिससे लगता है कि कंपनी के इस तरह के कार्य में विभाग के अधिकारियों की भी मिलीभगत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली के नए ढांचे के विकास में लोगों की सहूलियत का ध्यान रखा जाए अन्यथा लोग इसके खिलाफ सड़क पर उतर सकते हैं। प्रदर्शन में रशपाल सिंह, संजू कुमार, राम कुमार, अजय कुमार भी मौजूद रहे।