बसोहली। एडीसी बसोहली के कार्यालय में इमरजेंसी ऑपरेशन सेल की मंगलवार को बैठक बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता करते एडीसी तिलक राज थापा ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग को रोजाना सड़कों की स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति विभाग को उपजिले में राशन की स्टॉक रिपोर्ट जमा करवाने, जलशक्ति व बिजली विभाग को बिजली-पानी की आपूर्ति की दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा।
तहसीलदार कानून व्यवस्था की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, एडीसी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह छह बजे से पहले बीते 24 घंटे की रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए, ताकि उपजिले की रिपोर्ट संकलित करने के पश्चात अंतिम रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा सके। बैठक में तहसीलदार अमन आनंद, टीएसओ प्रदीप सिंह, जलशक्ति विभाग के एईई अखिल दत्त, केके चोपड़ा, पीडब्ल्यूडी के जेई नवनीत पठानिया, नगर कमेटी के ईओ पीआर संगड़ा और पीडीडी के एईई मुश्ताक अहमद मौजूद थे।