दिवाली पर्व पर बाइक फिसलने की दो घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। घायलों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। इस बीच रास्ते में एक घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठुआ से सांबा की ओर जा रही बाइक हमीरपुर के पास फिसल गई।
हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में बंगाल के रहने वाले विनय देव, उज्जवल और साहिब राय शामिल हैं। विनय और उज्जवल कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे थे, जबकि साहिब राय सांबा में रह रहा था। रात के समय सभी सांबा की ओर जा रहे थे, तभी हमीरपुर के पास बाइक फिसलने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। इस बीच विनय देेव ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अन्य दोनाें का इलाज जारी है। एक अन्य सड़क हादसे में नगरी बमियाल मार्ग पर बाइक फिसलने से राकेश नाम का युवक घायल हो गया। वह मुट्टी बमियाल का बताया गया।