शहर के कॉलेज रोड में रैली निकालकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश देते एनएसएस स्वयं सेवक। संवा?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज में जारी राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह संपन्न हो गया है। वीरवार को सप्ताह के अंतिम दिन सांप्रदायिक शांति सद्भाव रैली का आयोजन किया गया। एनएसएस इकाई की ओर से आयोजित जागरूकता रैली को कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
कॉलेज परिसर से शुरू हुई रैली डीसी कार्यालय, पटेल नगर, शिवानगर से होते हुए भगत सिंह पार्क में पहुंच कर सम्पन्न हुई। रैली में शामिल स्वयंसेवकों ने अपने पोस्टरों, बैनरों और स्लोगनों के माध्यम से सांप्रदायिक सद्भाव के बारे में जनता को शिक्षित करने और समाज में भाईचारे को अपनाने और जातिवाद को त्यागने की अपील की। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई आपस में हैं भाई-भाई आदि के नारे लगाते हुए रैली के दौरान जनता को संदेश दिया। रैली के उपरांत स्वयंसेवकों ने सड़क पर खड़े होकर गुजरने वाली आम जनता को भाईचारे के सिद्धांतों का पालन करने और जातिवाद की सामाजिक बुराई को दूर करने का वादा लिया।
सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के संबंध में एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता, नेशनल फाउंडेशन ऑफ कम्युनल हार्मनी के लिए फंड जुटाने जैसी गतिविधियां की गई हैं। वहीं इस मौके पर अपने संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने एनएसएस इकाई की ओर से रैली को आयोजित करने के लिए को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके इस तरह के प्रयास समाज को बेहतर दिशा दे सकते हैं। इस मौके पर प्रो. रितु कुमार शर्मा और प्रो. नेहा बंद्राल भी मौजूद रही।