कठुआ। मेरथा दंगल कमेटी की ओर से गांव में वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। जिसमें जम्मू कश्मीर के अलावा पड़ोसी राज्य पंजाब व हरियाणा के पहलवानों ने भाग लिया। दंगल में बड़ी माली का मुकाबला पठानकोट के मिंदा पहलवान ने जालंधर के बब्बू पहलवान को हराकर जीता वहीं, छोटी माली में डोडा के नदीम पहलवान ने हिमाचल प्रदेश से आए लक्की पहलवान को मात दी।
दंगल के दौरान सबसे रोमांचक रहे बड़ी माली का दंगल मुकाबले में भिड़े दोनों पहलवान काफी देर तक अपने दमखम का प्रदर्शन करते रहे। काफी लंबे चले इस मुकाबले में कोई निर्णय न निकलता देख आयोजकों ने टॉस के आधार पर विजेता का चयन किया। जिसमें पठानकोट के मिंदा पहलवान ने जीत हासिल की। विजेता को आयोजक कमेटी ने 21 हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। जबकि छोटी माली के दंगल में डोडा के नदीम पहलवान का मुकाबला हिमाचल प्रदेश के लक्की पहलवान के साथ हुआ। जिसमें नदीम पहलवान ने लक्की को हराकर छोटी माली पर कब्जा किया। विजेता को 13 हजार और उपविजेता को 8 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित बरनोटी ब्लॉक के बीडीसी चेयरमैन बृजेश्वर सिंह इंदू ने आयोजन कमेटी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं हमारी नई पीढ़ी को खेलों की ओर प्रेरित करेंगी। वहीं गांव के सरंपच हैप्पी जसरोटिया ने बताया कि करीब एक दशक पूर्व गांव में स्थित बाबा सुरगल देव के आशीर्वाद से दंगल प्रतियोगिता शुरू किया गया था।