बिलावर। उपमंडल में स्थित सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और विश्वास के साथ मनाया गया। शिवालयों में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और भगवान शिव पर जलाभिषेक किया। बिलावर कस्बे में स्थित विश्व प्रसिद्ध बिल्केश्वर महादेव के मंदिर में पिंडी रूप में विराजमान पवित्र शिवलिंग पर लोगों ने जलाभिषेक किया। कस्बे में शिव के मंदिरों में रात दो बजे से ही शिव भक्तों का जमावड़ा शुरू शुरू हो गया था जो मंगलवार शाम चार बजे तक जारी रहा।
शिव भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला। बिल्केश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य कई गांवों में स्थित शिवालयों में चार पहर की विशेष पूजा भी हुई। उपमंडल के कोहग, मांडली भड्डू, फिंतर, देवल, पल्लन, परनाला, किशनपुर, सुकराला और अन्य कई गांवों में स्थित शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस मौके पर भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।