कठुआ। जिले में 15 से 18 आयुवर्ग के किशोरों का कोरोना टीकाकारण अपने तय लक्ष्य से काफी पिछड़ गया है। हालात यह हैं कि एक महीने के लगभग होने को आया है और अबतक 65 फीसदी के लगभग लक्ष्य ही पूरा किया जा सका है। इसके पीछे कोरोना की तीसरी लहर में स्कूलों का बंद होना तो वहीं दूर दराज इलाकों में टीकाकरण टीमों के बीच तालमेल की कमी सामने आ रहा है। पहाड़ी इलाकों में टीकाकरण की धीमी रफ्तार के पीछे बीते सप्ताह हुआ भारी हिमपात भी एक वजह बन गया है। यही वजह है कि जिले में 44 हजार विद्यार्थियों के इस चरण में तय लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब प्रशासन ने भी शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसी संदर्भ में बनी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य ने भी एक सर्कूलर जारी कर दिया है। जिसके तहत विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि अगले तीन दिन के भीतर टीकाकरण करवाएं अन्यथा उनके परीक्षा परिणाम रोक दिए जाएंगे। साथ ही सर्दियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद उन्हें क्लास में आने की अनुमति भी नहीं मिलेगी।