शहर के स्पोर्टस स्टेडियम में जारी पुलिस मॉटियर्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबले में भाग
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10वीं पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। बुधवार को प्रतियोगिता के चौथे दिन ग्रुप बी का पहला मैच साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर और कठुआ नाइट राइडर्स के बीच खेला गया, जबकि दूसरा मैच कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और जम्मू कश्मीर पुलिस इलेवन कठुआ के बीच खेला गया।
ग्रुप बी में कठुआ नाइट राइडर्स और साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर के बीच सुबह के सत्र में पहला मैच खेला गया। जिसमें साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। मैच के दौरान होशियारपुर के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी कर कठुआ नाइट राइडर्स को केवल 20 ओवर में 08 विकेट के नुकसान 121 रन पर ही सीमित कर दिया। हालांकि इस दौरान टीम के प्रमुख बल्लेबाज अभिषेक ने 22 गेंदों में 03 चौकों और 01 छक्के के साथ 35 रनों की तेज पारी खेली। वहीं सुरेश कुमार ने भी 38 गेंदों में 04 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। 122 रनों के छोटेे लक्ष्य का पीछा करते हुए साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर बल्लेबाज भी विकेट पर टिक नही पाए और पूरी टीम 19 ओवर में ही 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। हालांकि इस दौरान टीम के बल्लेबाज कशिश ने 32 गेंदों में 02 चौकों के साथ 37 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया लेकिन अन्य बल्लेबाजों की असफलता टीम के लिए हार का कारण बन गई। इस प्रकार कठुआ नाइट राइडर्स ने 15 रन से मैच जीता। टीम के सुरेश कुमार को उनकी 34 रनों की पारी और 04 विकेट हासिल करने पर उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दिन का दूसरा मैच कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और जम्मू कश्मीर पुलिस इलेवन कठुआ के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू कश्मीर पुलिस इलेवन कठुआ की टीम ने 19.3 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर मात्र 90 रन बनाए। खालिद ने 25 गेंदों में एक चौके के साथ 23 रन बनाए और गौरव ने 28 गेंदों में 03 चौकों के साथ 22 रन बनाकर नाबाद रहे। 91 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने आसान लक्ष्य मात्र 13.3 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की। इस पारी में कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के बल्लेबाज आदित्य ने 26 गेंदों में 03 चौकों के साथ 24 रन बनाए। जबकि रोम्पी को 04 ओवर में उनकी शानदार गेंदबाजी स्पेल के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जिसमें उन्होंने केवल 09 रन देकर 04 महत्वपूर्ण विकेट लिए।
-----------------------------------------
शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले 4 दिनों से जारी दसवीं पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में जीत हासिल कर दिल्ली और लखनऊ की टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई हैं। वहीं इन्हीं लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों की असफलता के चलते कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और जम्मू कश्मीर पुलिस इलेवन कठुआ की टीमें प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। प्रतियोगिता के दौरान खेले गए मुकाबलों में कठुआ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने एक मुकाबले में जीत हासिल की। जबकि जम्मू कश्मीर पुलिस इलेवन कठुआ अपने तीनों ही मुकाबलों में हार का सामना किया है।
आयोजकों ने बताया कि वीरवार को सुबह के पहले सत्र में विक्की इलेवन पठानकोट और कठुआ नाइट राइडर्स के बीच मैच होगा, जबकि दिन का दूसरा मुकाबला साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर और गेम चेंजर्स जम्मू के बीच खेला जाएगा।