देर शाम लखनपुर का दौरा करने पहुंचे मंडलायुक्त रमेश कुमार। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने वीरवार को श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। पदभार संभालने के बाद पहली बार कठुआ पहुंचे मंडलायुक्त ने जहां हाईवे पर लंगर स्थलों का जायजा लिया, वहीं प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर में इंतजाम को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी जारी किए।
देर शाम लखनपुर पहुंचे मंडलायुक्त ने लखनपुर कॉरिडोर पर श्री अमरनाथ यात्रा से पहले भक्तों के लिए सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मूलभूत सुविधाओं के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने जिला उपायुक्त और जिला पुलिस प्रमुख को भी निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने यात्रा से पहले ही लखनपुर साफ-सफाई को लेकर भी नगर कमेटी के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए। कहा कि प्रदेश का प्रवेशद्वार होने के लिहाज से लखनपुर में नियमित रूप से साफ सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। यात्रा को पॉलिथीन मुक्त सुनिश्चित करने के साथ ही उन्होंने यात्रियों के स्वागत के साथ साथ पेयजल और शौचालय के संबंध में इंतजाम करने को भी प्रशासन को कहा गया।