रामकोट। तहसील की पंचायत सियालना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों के मकानों का काम बकाया राशि न मिलने के कारण अधर में लटका पड़ा है। स्थानीय पंचायत के सरपंच अशोक कुमार ने बताया कि इससे लोगों को बरसात के मौसम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
नायब सरपंच जयसिंह ने कहा लाभार्थियों को फंड पूरा न मिलने के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री आवास योजना फिलहाल अपने लक्ष्य से कई कदम दूर नजर आ रही है। उन्होंने कहा जैसे-जैसे कार्य में देरी होगी निर्माण लागत में भी वृद्धि होने की संभावना है। इससे लाभार्थियों को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय सरपंच ने कहा कि पंचायत में और भी बहुत सारे गरीबी रेखा से नीचे ऐसे लोग हैं जो प्रधानमंत्री आवास योजना के हकदार हैं। उन्हें भी सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द अलग-अलग जगहों पर बन रहे आवासों का काम पूरा करने के लिए बकाया राशि की मंजूरी हो ताकि आने वाली बरसात से पहले लोग अपने घरों का निर्माण कर सकें।