बिलावर। उपमंडल के डडवाडा गांव में वीरवार को आयोजित वार्षिक दंगल में कुरुक्षेत्र हरियाणा के सुखमण पहलवान ने दिल्ली के दीपू पहलवान को हराकर दंगल अपने नाम कर लिया। दंगल का शुभारंभ एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा, बीडीसी चेयरमैन अशोक कुमार और स्थानीय पंचायत के सरपंच प्रवीण रैना ने संयुक्त रूप से किया। दंगल में 60 कुश्तियां करवाई गई।
जम्मू कश्मीर प्रदेश सहित पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और अन्य कई इलाकों से कई पहलवानों ने दंगल में दमखम दिखाया। छोटी माली का मुकाबला दीनानगर के बाबा फरीद और पंजाब पठानकोट के मोनी के बीच हुआ, जिसमें बाबा फरीद ने मोनी को हराकर छोटी माली पर कब्जा जमा लिया। बड़ी माली का मुकाबला कुरुक्षेत्र के सुखमन पहलवान और दिल्ली के दीपू पहलवान के बीच हुआ, जिसमें दोनों पहलवानों ने एक दूसरे को चित करने का पूरा प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक चली कुश्ती में कुरुक्षेत्र हरियाणा के सुखमन ने दिल्ली के दीपू पहलवान को चित कर के दंगल अपने नाम कर लिया। दंगल में छोटी माली में विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को दंगल कमेटी की ओर से 31000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं, बड़ी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को 51000 नगद दिए गए। इस अवसर पर दंगल कमेटी के सदस्य विजय कुमार, केवल कृष्ण, शंभू दत्त ,सुभाष शर्मा, विकास रैना आदि मौजूद रहे।