बिलावर। ढ़ेर गांव के युवाओं ने सरकार से उनके गांव में खेल मैदान बनाने की मांग की है। स्थानीय युवा सनी राजपूत, जोगेश बड़वाल, पंकज शर्मा, अतीश शर्मा ने बताया कि गांव के काफी युवा कई प्रकार की खेल गतिविधियों में रुचि रखते हैं और कई बार सरकार से गांव के वार्ड पांच, छह व सात, आठ और नौ में खेल मैदान बनाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं की जा रही है।
युवाओं ने कहा कि अगर गांव के खिलाड़ियों को क्रिकेट, वॉलीबाल खेलना हो तो उन्हें कई किमी दूर फिंतर गांव में स्थित खेल मैदान की तरफ जाना पड़ता है। युवाओं ने बताया कि पंचायत में खेल मैदान बनाने के लिए सरकारी भूमि भी उपलब्ध है। कहा कि युवाओं को सेहतमंद रखने के लिए सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है, लेकिन गांव के कई सैकड़ों युवा आज भी खेल मैदान से वंचित है। युवाओं ने सरकार से मांग की है कि उनके गांव में कोई सरकारी जगह का चयन कर खेल मैदान बनाया जाए। जिससे गांव के युवाओं की खेल प्रतिभा सामने आए और उन्हें कई किलोमीटर दूर पैदल न जाना पड़े। संवाद