शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले फुटसेल मुकाबले में भाग लेती खिलाड़ी, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले में उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, और उन्हें मंच प्रदान करने के लिए एफसी यूनाइटेड कठुआ और उधमपुर सिटी फुटबॉल क्लब के बीच दो प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया।
शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इन मैचों के दौरान भाजपा जिला प्रधान गोपाल महाजन मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ परिचय करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें पहला मैच फुटबॉल क्लब ऑफ कठुआ और उधमपुर सिटी फुटबॉल क्लब की महिला टीम के बीच खेला गया। 50 मिनट के इस मैच में कठुआ की टीम ने 1-0 से जीत हासिल की।
इन्हीं दोनों की पुरुष टीमों के बीच भी मुकाबला हुआ, जिसे कठुआ ने जीता। 90 मिनट के इस मुकाबले में कठुआ की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी के अंदर स्वास्थ्य प्रतियोगिताओं के प्रति रुचि बढ़ेगी। वहीं, मैच के आयोजक रजिंदर सिंह भडवाल ने कहा कि वह काफी समय से कठुआ में फुटबाल को बढ़ावा देने के प्रयास कर रहे हैं। आज का आयोजन भी इसी तरह की पहल है। इस अवसर पर सतीश शर्मा, अजय शर्मा, बैजू उब्बट, राकेश पंगोत्रा और विक्रम शर्मा सहित अन्य अतिथि भी उपस्थित थे।