कठुआ पुलिस लाइन में गोलीकांड में मारे गए हेड कांस्टेबल मोहम्मद यूनुस की बेटी विलाप करते हुए। -सं?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिला पुलिस में बुधवार देर रात हुए गोलीकांड की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। डीएसपी मुख्यालय शम्मी कुमार के नेतृत्व जांच टीम घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी। इस घटना में हेड कांस्टेबल मोहम्मद यूनुस की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी सिपाही इकबाल सिंह को वीरवार को अदालत में पेश करने के बाद पांच दिन के रिमांड पर लिया है। उधर यूनुस के शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवार को सौंप दिया गया है।
जिला पुलिस लाइन में बुधवार देर रात हुए इस गोलीकांड में सहकर्मी की गोली लगने से हुई हेड कांस्टेबल मोहम्द यूनुस की मौत के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले इकबाल सिंह को रात में ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ कठुआ थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यूनुस का शव पोस्टमार्टम के लिए सुबह भेजा गया। जहां पोस्ट मार्टम के बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया।
--------------
अब्बू हमें किसके सहारे छोड़ कर जा रहे हो
पिता की मौत की सूचना पर वीरवार सुबह पहुंची हेड कांस्टेबल मोहम्मद यूनुस की 15 वर्षीय बेटी की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। वह बार-बार कह रही थी कि मैं भी आपके पास आ रही हूं। पिता की मौत से शोक में डूबी बेटी ने बताया कि उनके पिता ने स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले समारोह के बाद घर आने का वादा किया था। लेकिन, अब वह उनका पार्थिव शरीर लेकर जा रही है। वीरवार को हेड कांस्टेबल का शव लेने के लिए कठुआ पहुंचे परिजनों ने इस घटना को अंजाम देने वाले इकबाल सिंह को कड़ी सजा देने की मांग की।
कोट--
पुलिस लाइन में हुई इस घटना के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
-रोमेश चंद्र कोतवाल, एसएसपी कठुआ।