लखनपुर कॉरीडोर में कोरोना की जांच करवाता बाहरी राज्य से आया व्यक्ति। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। वीरवार शाम प्रशासन की ओर से जारी आदेश के बाद लखनपुर कॉरिडोर पर कोरोना जांच को एक बार फिर बढ़ाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। हालांकि बुधवार की बैठक में मिले निर्देश के बाद वीरवार को प्रदेश के बाहर से आने वाले कई यात्री वाहनों में सवार लोगों की कोरोना जांच की गई। इसमें उन लोगों की भी जांच शामिल रही जो वैक्सीन की दोनों डोज हासिल कर चुके थे। कई लोगों ने प्रशासन की ओर से कोरोना जांच के संबंध में आदेश जारी न होने पर बहस भी की।
उधर, आदेश जारी होने के बाद लखनपुर कॉरिडोर के नोडल अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह से सभी एचएमवी वाहनों, टैंपो ट्रैवलर और टैक्सी आदि में आने वाले लोगों की कोरोना जांच शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए अनाउंसमेंट काउंटर से लोगों को जागरूक करने की कवायद शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से वाहनों को जांच काउंटर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बताया कि कोरोना जांच के लिए एक दर्जन काउंटर सक्रिय रहे हैं। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए फिर से कोरोना जांच शुरू की जा रही है। वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके लोगों की भी कोरोना जांच की जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन कमेटी के चेयरमैन की ओर से जारी आदेश में साफ कर दिया गया है कि चरणवार जांच का दायरा अन्य लोगों के लिए भी बढ़ाया जाएगा।
...............
रेल यातायात बंद होने के चलते सड़क मार्ग से बढ़ी यात्रियों की तादाद
रेल यातायात के बंद होने से सड़क मार्ग से प्रदेश में आने वालों की संख्या पिछले कुछ दिनों में काफी बढ़ गई है। आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दो दिन से रोजाना चालीस से 50 हजार लोग सड़क मार्ग से प्रदेश में दाखिल हो रहे हैं। इनमें पर्यटकों के अलावा माता वैष्णो देवी यात्री भी शामिल हैं। लखनपुर में लोगों का जमावड़ा देखते हुए प्रशासन का कोरोना जांच को बढ़ाने का फैसला अहम माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को शाम चार बजे तक एक हजार रैपिड जांच के दौरान आठ लोगों को संक्रमित पाया गया। पिछले एक सप्ताह से औसतन रोजाना एक दर्जन के लगभग लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। जिन्हें या तो अपने इच्छा अनुसार वापस लौटा दिया जा रहा है या फिर होम क्वारंटीन किया जा रहा है।