अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। ईरानी कप के मुकाबले के दूसरे दिन का खेल बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरा रहा। शुरुआती झटकों से उबरते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 278 रन बनाए। जवाब में दिन का खेल समाप्त होने तक शेष भारत की टीम ने 15 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 24 रन बना लिए हैं।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 70 के स्कोर पर अपने 4 शीर्ष बल्लेबाज गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 12वें ओवर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद अनुभवी पारस डोगरा और आक्रामक बल्लेबाज अब्दुल समद ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (100 रन, 162 गेंद) हुई। अब्दुल समद ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। लंच तक जम्मू-कश्मीर का स्कोर 4 विकेट पर 134 रन था। लंच के तुरंत बाद समद (53) के आउट होने से यह साझेदारी टूटी।
समद के आउट होते ही रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों ने वापसी की और आबिद मुश्ताक सहित मध्यक्रम के बल्लेबाजों को सस्ते में समेटकर स्कोर 165/7 कर दिया। एक छोर पर टिके पारस डोगरा ने धैर्य दिखाते हुए 113 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद निचले क्रम में लोन नासिर मुजफ्फर ने आतिशी पारी खेलकर मैच का रुख बदला। नासिर ने नौवें विकेट के लिए डोगरा के साथ तेज 50 रन जोड़े। नासिर ने रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए मात्र 48 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और टी-ब्रेक तक 64 रन (7 चौके, 2 छक्के) बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर ले गए। चायकाल के ठीक बाद जम्मू-कश्मीर की पारी 64.2 ओवर में 278 रनों पर सिमट गई।
इनसेट
रेस्ट ऑफ इंडिया की सतर्क शुरुआत
- 278 रनों के जवाब में उतरी रेस्ट ऑफ इंडिया की शुरुआत धीमी रही। जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी जारी रखी। पारी के छठे ओवर में रेस्ट ऑफ इंडिया को पहला झटका लगा, जब एसएस मोहन अंपायर के फैसले के खिलाफ डीआरएस लेने के बावजूद पवेलियन लौटे। पहले दिन स्टंप्स के समय रेस्ट ऑफ इंडिया का स्कोर 15 ओवर में 1 विकेट पर 24 रन रहा। क्रीज पर सनत सांगवान (10*) और एसके घारामी (10*) डटे हुए हैं। रेस्ट ऑफ इंडिया अभी भी जम्मू-कश्मीर के स्कोर से 254 रन पीछे है।