कांग्रेसी कार्यकता बैठक के बाद जानकारी देते हुए
- फोटो : KATHUA
कठुआ। गोविंदसर में आयोजित युवा कांग्रेस की बैठक के दौरान गुरदेव सिंह को विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया है। इस मौके पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब, जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रोमी शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज डोगरा मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गुरदेव सिंह का हार पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान उदय भानु चिब ने कहा कि जो जिम्मेदारी गुरुदेव सिंह को पार्टी ने सौंपी है, उसे अच्छी तरह से निभाने के साथ लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए उन्हें कार्य करना है। वर्तमान सरकार में जिस तरह से गरीब तबके को नजरअंदाज कर दो वक्त की रोटी के लिए भी मोहताज कर दिया गया है, ऐसे में सरकार की गलत नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक करना है।
वरिष्ठ नेता पंकज डोगरा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। पेट्रोल डीजल के दामों में आग लगी है, जिससे महंगाई और बढ़ गई है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी अत्यधिक बढ़ गए हैं, जिसका बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है। रिलायंस स्टोर खुलने से छोटे व्यापारी भी सड़कों पर आकर सरकार को कोस रहे हैं। लेकिन, सरकार ने आंखें मूंद रखी हैं।
रोमी शर्मा ने कहा कि युवाओं के साथ मोदी सरकार ने धोखा किया है। पहले रोजगार का वादा किया, और फिर चुनाव के बाद जुमलों से लोगों को बेवकूफ बनाया। नोटबंदी, जीएसटी और अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर को भी नुकसान पहुंचा है। पहले जो युवाओं को नौकरी के लिए आयु में छूट मिलती थी, वह भी बंद कर दी गई है। उधर, गुरदेव सिंह ने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, वह उसके निर्वहन का पूरा प्रयास करेंगे।