हीरानगर। चौथा पोषण पखवाड़े का गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल डिग्री कॉलेज में सोमवार को समापन हो गया। पोषण पखवाड़े का उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वस्थ जीवन के महत्व के बारे में जागरूक करना था। स्वयंसेवकों ने कहा कि पोषक तत्वों से भरपूर खाना खाएं, बीमारी दूर भगाएं।
समापन दिवस कार्यक्रम प्रिंसिपल प्रोफेसर सुरेश कुमार शर्मा और आइक्यूएसी के कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर सुजात खान की देखरेख में हुआ। इस दौरान कॉलेज की एनएसएस इकाई की ओर से तीन गतिविधियों का आयोजन किया गया। पहली गतिविधि स्वास्थ्य आहार और पोषण मूल्य विषय पर पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता के रूप में करवाई गई। दूसरी एनएसएस स्वयंसेवकों की ओर से गोद लिए गए गांव पथवाल में स्वच्छता अभियान चलाया और तीसरी गतिविधि में स्वस्थ आहार और स्वस्थ जीवन विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए खानपान का पूरा ध्यान रखें। हरी सब्जियों का सेवन नियमित रूप से करें। पोषक खाना खाएं और स्वाद को अपने ऊपर हावी न होने दें। जंक फूड से दूरी बनाए क्योंकि यह भोजन शरीर में कई तरह की बीमारियों को पैदा करता है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर राकेश शर्मा की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में वक्ता विधि शर्मा, निशु कुमारी, विशाली मन्हास, कोमल शर्मा ने अपने विचार रखे।