विभिन्न बिरादरियों की मेल के कारण हाइवे पर लगी वाहनों की कतारें, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य पर झिड़ी में दर्शनों को पहुंच रहे श्रद्धालुओं के साथ ही प्रदेश में विभिन्न बिरादरियों की लगने वाली मेल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हालात यह थे कि लखनपुर से होकर प्रदेश में दाखिल होने वाले वाहनों की संख्या वीरवार शाम से ही दोगुनी हो चुकी थी। शुक्रवार तड़के इसमें और तेजी आ गई। हाईवे पर झिड़ी के भक्तों की रौनक से लखनपुर कसबा भी गुलजार रहा।
लेकिन जैसे ही श्रद्धालुओं के लौटने का समय हुआ लखनपुर कसबा में जाम लग गया। हालात यह थे कि दोपहर बाद जाम पांच किलोमीटर दूर हटली मोड़ को भी पार कर गया। लखनपुर में बद् इंतजामी के आलम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि टोल प्लाजा को जाम मुक्त रखने के लिए कसबे से तो जाम को हटवा दिया गया लेकिन लखनपुर से हटली मोड़ के बीच वाहनों की कतारें घंटों लगी रहीं। यात्रियों ने बताया कि वे हर साल दर्शनों के लिए आते हैं लेकिन इस बार इंतजामों के अभाव में पांच किलोमीटर का सफर पूरा करने में ही उन्हें डेढ़ घंटा लग गया है।