गोविंदसर गांव में दवा का छिड़काव करती स्वास्थ्य विभाग की टीम, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। गोविंदसर गांव से सटी रेलवे कॉलोनी के बाद डेंगू ने अब गांव में भी पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। रेलवे लाइन से सटे रिहायशी इलाके में बुखार से पीड़ित एक व्यक्ति को डेंगू से संक्रमित पाया गया है। वहीं, बुखार से तप रहे छह और लोगों को जांच के लिए जीएमसी भेजा गया है।
मंगलवार को गांव के एक व्यक्ति को डेंगू संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गोविंदसर गांव पहुंची। जिला मलेरिया अधिकारी कुलवंत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पीड़ित के आसपास के लगभग 60 घरों में दवाओं का छिड़काव कराया। साथ ही गांव में डेंगू को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर भी चस्पा किए।
इसी दौरान टीम ने क्षेत्र में पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि आसपास ही छह और लोग ऐसे हैं, जिनमें डेंगू के लक्षण हैं। ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अपने ही वाहन से जीएमसी कठुआ पहुंचाया। जहां उनके सैंपल जांच के लिए भरे गए हैं। नतीजे के अनुसार ही आगे उनका उपचार होगा।
--------
रविवार को जानकारी मिली थी कि रेलवे कॉलोनी में एक महिला की बीते महीने मौत हुई है। साथ ही कई अन्य लोगों को डेंगू से संक्रमित पाया गया है। इसके बाद इलाके में दवाओं का छिड़काव किया गया था। अब एक बार फिर एक व्यक्ति को संक्रमित पाए जाने के बाद आसपास के 60 घरों में छिड़काव किया गया है। यह अभियान अभी गांव में जारी रहेगा।
- कुलवंत सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी
गोविंदसर गांव स्थित एक घर में दवा का छिड़काव करती स्वास्थ्य विभाग की टीम, संवाद।- फोटो : KATHUA
गोविंदसर गांव से बुखार से पीड़ित लोगों को जांच के लिए लेकर जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम, संवाद।- फोटो : KATHUA