हीरानगर। पथवाल पंचायत के पंचों ने सोमवार को बीडीसी चेयरमैन के खिलाफ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सरपंच की बर्खास्तगी को लेकर ग्रामीण विकास विभाग की ओर से दिए गए निर्देशों के बावजूद चेयरमैन फ्लोर टेस्ट नहीं करा रहे हैं।
पंच सुरेश शर्मा ने कहा सरपंच की बर्खास्तगी को लेकर पंचायत के 11 पंचों में से 10 ने अविश्वास प्रस्ताव बीते फरवरी माह में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों और बीडीसी चेयरमैन को सौंपा था। जिसमें यह अपील की गई कि पंचायत राज एक्ट के तहत इस पर आगे कार्रवाई की जाए। लेकिन अभी तक इस पर आगे की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि बीडीसी चेयरमैन की सरपंच के साथ कोई डील हुई है। इसलिए उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा जिला पंचायत अधिकारी की ओर से कुछ महीने पहले बीडीओ को इस मामले से संबंधित पत्र बीडीसी चेयरमैन को भेजने को कहा गया। करीब 10 दिन पहले उन्होंने यह पत्र बीडीसी चेयरमैन को भेजा जिसमें यह निर्देश दिए कि फ्लोर टेस्ट करवा कर आगे की कार्रवाई की जाए। लेकिन बीडीसी चेयरमैन इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बीडीसी चेयरमैन ने जल्द फ्लोर टेस्ट नहीं कराया तो वह वीरवार से उनके कार्यालय के बाहर धरना शुरू करेंगे।
----------------------------------------------------------
पंचों की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद
बीडीसी चेयरमैन रामलाल कालिया ने कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन उन्हें साबित करना उतना ही मुश्किल है। उन्होंने कहा पंचों ने जो आरोप लगाए हैं वह पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। मेरी दुश्मनी न पंचों से है और न ही सरपंच से। लेकिन इन सब की लड़ाई में पंचायत के विकास कार्यों में जो रुकावट हुई है उसके लिए बेहद दुखी हूं। उन्होंने कहा इस मामले में कार्यवाही जारी है बहुत जल्द इस पर अंतिम फैसला सार्वजनिक होगा।