वार्ड सात के लोग मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के वार्ड 7 स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से सटे मोहल्ले की गलियां बारिश के बाद बदहाल हो गई है। इससे परेशान स्थानीय लोगों ने मोहल्ले में जन सुविधाओं के विकास पर ध्यान न दिए जाने के विरोध में नगर परिषद के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। स्थानीय लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही परिषद से मोहल्ले में मूल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल सुदेश कुमारी ने बताया कि 35 से 40 घरों वाले इस मोहल्ले में पिछले कई सालों से गलियों और नालियों की दशा खराब है। ऐसे में जब भी बारिश होती है तो लोगों का घरों ने निकल पाना संभव नहीं हो पाता है। गत वर्ष नगर परिषद ने गली का पुनर्निर्माण करने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक साल का अरसा बीत जाने के बाद इस ओर ध्यान नही दिया गया। अब एक बार फिर से बारिश शुरू हो गई है और लोगों को आने जाने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छात्रा शिवानी शर्मा ने कहा कि नगर परिषद के कार्यालय से मात्र कुछ दूरी पर स्थित उनके मोहल्ले में गली की ऐसी हालत है कि गली और नाली का फर्क ही खत्म हो गया है। बारिश के पानी के साथ नालियों में पिछले एक साल से सड़ रही गंदगी अब गलियों में फैल गई है। इससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मौके पर जगदीश राज ने कहा कि मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति का ऐसा हाल है कि लोगों को पिछले दो साल से पीने के लिए पानी ढोकर लाना पड़ता है। मोहल्लावासियों ने संबंधित विभाग से मोहल्ले की दुर्व्यवस्थाओं को दूरे करने की मांग उठाई है।