डेंगू प्रभावित गांव गोविंदसर का दौरा करते डीसी राहुल यादव। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के आंकड़ों के बीच जिला प्रशासन भी आखिरकार नींद से जागा है। प्रशासनिक अधिकारी रविवार को गोविंदसर गांव में पहुंचे और लोगों की स्थिति जानने का प्रयास किया। मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए, साथ ही ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांगों को लेकर भी पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और मलेरिया विंग के अमले के साथ डीसी कठुआ डेंगू से जिले में सबसे अधिक प्रभावित गोविंदसर गांव में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय सरपंच और अन्य ग्रामीणों से स्वच्छता को लेकर सवाल पूछे।
जनसेवा संस्थान के अध्यक्ष शशि शर्मा ने डीसी कठुुआ को बताया कि जिले में पिछले पांच छह वर्षों से डेंगू से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले इलाका गोविंदसर है। इस साल भी इंतजामों के अभाव में सौ से अधिक लोग डेंगू ग्रस्त हो चुके हैं। इलाके में डेंगू से दो मौत हो चुकी हैं। मांग की है कि गांव में बरसात के फौरी बाद स्वास्थ्य टीमों की तैनाती की जाए तो नियमित रूप पर जांच करें। नियमित एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाए। जीएमसी में सुविधाओं की जांच की जाए और लोगों को सही उपचार मुहैया करवाया जाए। डेंगू जांच रिपोर्ट चौबीस घंटे के भीतर जारी की जाए।
डीसी राहुल यादव ने बताया कि सरपंच, पंचों के साथ ग्रामीणों के साथ मिलकर बीडीओ, नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ इलाके का दौरा किया है। कहा कि ग्रामीणों ने लगातार स्प्रे ओर फॉगिंग के संबंध में मांग की है, जिसे लेकर बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं। लोगों से भी अपील की है कि खुद भी स्वच्छता रखें। ग्रामीणों की ओर से डस्टबिन उपलब्ध करवाए जाने की मांग की गई है, उसपर भी काम किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू जांच के लिए विशेष अभियान चलाएगी। पंचायत स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है।