कठुआ। गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर के समारोह की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। शनिवार को कड़ाके की ठंड के बावजूद शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली परेड की रिहर्सल में शामिल होने वाली टुकड़ियों का उत्साह देखते बन रहा था। वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूल ब्वॉयज और हायर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स में विद्यार्थियों ने समारोह के दौरान पेश किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जमकर अभ्यास किया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला पुलिस बैंड की धुन पर परेड कमांडर डीएसपी अरविंद के आदेश पर प्रतिभागियों की टुकड़ियों ने कड़ा अभ्यास किया। डीएसपी डीआर सुखदेव सिंह और डीएसपी हेडक्वार्टर शम्मी कुमार की मौजूदगी परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों ने पुलिस बैंड की धुन पर कड़ी रिहर्सल की।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के मीडिया प्रभारी मास्टर मोहन लाल ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए समारोह को भले ही सीमित रखा गया है, लेकिन इसे भव्य बनाने में किसी प्रकार से कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
उन्होंने बताया कि परेड की रिहर्सल में कुल ग्यारह टुकड़ियां शामिल हो रही हैं। इसमें राजकीय डिग्री कॉलेज, महिला डिग्री कॉलेज, मॉडल ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल और गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की छह टुकड़ियां एनसीसी कैडेटों की हैं। इसके अलावा एक टुकड़ी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, होम गार्ड्स व जिला पुलिस की टुकड़ियां शामिल रहीं।
वहीं दूसरी ओर मॉडल ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल और गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का समारोह के प्रशासन द्वारा गठित टीम ने जायजा लिया। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीमों ने स्कूलों द्वारा तैयार की जा रही प्रस्तुतियों को देखा और उन्हें बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
समारोह के लिए तैयार की जा रही प्रस्तुति के संबंध में ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव वैद्य ने बताया कि प्रशासन द्वारा गत 18 जनवरी को अनुमति दिए जाने के बाद से तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके स्कूल द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रम में स्कूल के 200 विद्यार्थियों को शामिल किया गया है, जिन्हें स्कूल का स्टाफ कड़ा प्रशिक्षण दे रहा है, ताकि 24 जनवरी को होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व किसी तरह की कोई कमी न रहे।