बसोहली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के 19 अगस्त को बसोहली दौरे की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जिस स्थान पर एलजी का दौरा है, वहां तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अपने दौरे के वक्त उपराज्यपाल पलाही में जहां संस्कृत विद्यालय का भूमि पूजन करेंगे, वहीं कई विकास परियोजनाओं को जनसमर्पित करेंगे।
मंगलवार को एडीसी बसोहली तिलकराज थापा ने नगर कमेटी के एसडीपीओ, डीएफओ, तहसीलदार के साथ रामलीला मैदान और पेंटिंग गैलरी, संस्कृत विद्यालय के लिए भूमि पूजन वाले स्थान और हेलिपैड स्थल आदि स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित विभाग को शेष बची कमियों को पूरा करने के दिशा निर्देश जारी किए।
मॉडल हाई सेकेंडरी स्कूल बसोहली के प्राचार्य व स्टाफ को निर्देश दिए कि उपराज्यपाल के दौरे के दौरान साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें। वहीं इस संदर्भ में एडीसी कार्यालय में बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एलजी के दौरे के दौरान सूचना विभाग को बेहतर साउंड सिस्टम की जिम्मेवारी सौंपी गई। वहीं बिजली, पानी, साफ-सफाई, हाई सेकेंडरी स्कूल के ग्राउंड की लेवलिंग, स्टेज बनवाने और अन्य कामों की जिम्मेदारियां संबंधित विभाग को सौंपी गई।
रामलीला मैदान में जनता को करेंगे संबोधित
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 9 में संस्कृत विद्यालय के लिए चयनित की गई भूमि का पूजन होगा, जिसके बाद विश्वस्थली पेंटिंग एग्जीविशन सेंटर का एलजी दौरा करेंगे। यहां बसोहली पेंटिंग और आर्ट गैलरी का निरीक्षण करेंगे। रामलीला मैदान में जनता को संबोधित करेंगे और पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों का भी ई उद्घाटन करेंगे।