पुलिस के सुस्त कार्यप्रणाली के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। रविवार की रात को कूटा गांव में चोरों ने तीन मंदिरों और दो दुकानों में चोरी कर ली। यही नहीं, जिला सचिवालय के सामने से चोरों ने बाइक भी उड़ा ली।
पुलिस के अनुसार चोरों ने कूटा गांव के राधा कृष्ण मंदिर, बुआ दाती मंदिर और बिरफा नाथ मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी का कहना है कि रात को भोग लगाकर मंदिर के गेट बंद कर दिए थे। सोमवार की सुबह जब देखा तो मंदिर के ताले टूटे थे।
अंदर जाकर देखा तो शृंगार के लिए मूर्ति पर लगाई गई सोने की नथ, दो चांदी के छत्र व एक लोटा गायब था। बुआ दाती मंदिर में भी चोर चांदी का छत्र और दान पेटियों की राशि लेकर फरार हो गए। बिरफा नाथ मंदिर से छह छत्र, एक तलवार और दान की राशि गायब है।
चोरों का मन यहीं नहीं भरा, इसके बाद उन्होंने गांव में एक दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान के मालिक सुनील कुमार निवासी कूटा ने बताया कि उसकी दुकान से चोरों ने नकदी और सामान चुरा लिया।
दूसरी दुकान के कमल कुमार निवासी कूटा ने बताया कि चोरों ने दुकान का सिर्फ ताला तोड़ा है, पर समान और नकदी सुरक्षित है। गांव में एक साथ हुई पांच चोरियों की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद फोरेंसिक विभाग की टीम ने सबूत जुटाकर जांच के लिए लैब में भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
चोरी की एक और वारदात जिला सचिवालय कठुआ के बाहर हुई। विजय सिंह निवासी बरवाल अपनी बाइक कालेज मार्ग पर खड़ी की थी और किसी काम से सचिवालय चले गए। 15 मिनट बाद जब वह लौटे तो बाइक गायब थी। इसकी शिकायत उन्होंने कठुआ थाना में दर्ज कराई है। गौरतलब है कि जिला सचिवालय के सामने से अब तक चोरी होने वाली यह तीसरी बाइक है।