हीरानगर। संदिग्ध परिस्थितियों में खत्रियाल गांव से लापता तीन किशोर एक दिन बाद वीरवार को सुंजवां मोड़ के नजदीक बकराल कॉलोनी से मिले। तीनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं। पुलिस ने उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच सूचना मिली की बकराल कॉलोनी के पास यह किशोर देखे गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया है। इस दौरान उनसे पूछताछ भी की गई है जिसमें उन्होंने बताया कि तीनों दोस्त साइकिल से अपने रिश्तेदार के यहां पंजाब के बाडमां गांव की ओर निकल गए थे। वहां रिश्तेदार के घर का पता भूल गए, जिसके बाद रात उन्होंने किसी के निर्माणाधीन घर में काटी और सुबह लौटने लगे।
दूसरी तरफ परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। गांववासी भी परेशान थे, और सभी रिश्तेदारों के यहां पता करने के बाद सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी।