हीरानगर। हीरानगर के मढ़ीन कस्बे में एक घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब दो बजे विधवा राजकुमारी के घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुन कर लोग जब अपने घरों से बाहर निकले तो देखा घर से आग की लपटें निकल रही थीं। तुरंत सभी ने मिलकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन घर के भीतर रखा सामान पूरी तरह से राख हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। इसी दौरान उन्होंने आग से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दमकल विभाग की ओर से कोई सहायता न मिलने पर लोगों में रोष देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब घर में आग लगी, तो तुरंत दमकल विभाग को फोन पर सूचित किया, लेकिन कोई भी गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में लोगों ने खुद बाल्टी ों में पानी भर आग को बुझाया। तानी निवासी मखनी बंदराल ने कहा यहां पर तहसील मुख्यालय होने के बावजूद दमकल विभाग का कोई कार्यालय नहीं है। गर्मी के मौसम में कई बार खेतों में लगी फसल भी आग की भेंट चढ़ जाती है। उस समय भी अगर विभाग को सूचित किया जाए तो कार्यालय दूर होने के कारण जब तक गाड़ियां यहां पहुंचती हैं फसल जलकर राख हो जाती है। कस्बे में फायर स्टेशन बनाया जाता है तो कई सीमावर्ती गांवों के लोगों को इसका लाभ होगा।