हीरानगर/कठुआ। जिला पुलिस की ओर से पशु तस्करों के विरुद्ध शुरू की गई मुहिम के तहत मढ़ीन पुलिस चौकी प्रभारी ने 25 मवेशी छुड़ाए और एक पशु तस्कर को हिरासत में लिया। चौकी प्रभारी विशाल ने बताया कि कोटपुन्नु, सांझी मोड़ मार्ग पर बनियाडी में नाका लगाया गया। वहां गाड़ियों की रूटीन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मवेशियों को लेकर पैदल चला आ रहा था। उससे पूछताछ करने पर यह बात सामने आई कि यह मवेशी अवैध रूप से पंजाब ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने तुरंत पशु तस्कर को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान हसन मीर निवासी प्लाह मोड पठानकोट के रूप में हुई। पुलिस ने एफआइआर नंबर 248/2018 अंडर सेक्शन 188 आरपीसी, 3 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दिया है।
उधर, पशु तस्करी खिलाफ जारी पुलिस के अभियान का समर्थन करते हुए आबकारी विभाग ने मंगलवार की देर रात एक वाहन से पांच मवेशियों को मुक्त करवाया। आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा पर वाहन जेके 02 सीए-2836 को जब जांच के लिए रोका गया तो वाहन चालक ने वाहन रोकने के बजाय भगा दिया। विभाग की टीम ने उसका पीछा किया और मग्गर खड्ड के पास वाहन को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन से पांच मवेशी बरामद किए गए। विभाग ने मवेशियों का छुड़ा कर वाहन पुलिस के हवाले कर दिया।