कठुआ। कृष्णा कॉलोनी का एक परिवार बेंगलूरू गया है, जबकि घर में चोरों ने हाथ साफ कर लिया है। गेट पर ताला लटका होने की वजह से पुलिस पूरी तहकीकात नहीं कर पा रही। अब परिवार के लौटने पर ही पता चल पाएगा कि घर से क्या सामान चोरी हुआ है। रविवार सुबह श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर से सटी खड्ड के पास मिले ट्रंक की जांच के बाद इसमें रखे दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिवार को सूचित किया है। बताया जा रहा है कि घर के पीछे बाथरूम का दरवाजा टूटा हुआ है, जिससे चोर अंदर घुसे होंगे। बीते दिन ही गोविंदसर में तीन चोर पकड़े गए हैं, अंदेशा है कि इन्होंने ही चोरी की है।
कठुआ थाने के प्रभारी ओपी चिब ने बताया कि सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि खड्ड में एक संदिग्ध ट्रंक पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रंक का ताला तोड़कर इसमें रखे बिजली के बिल व अन्य कागजात की जांच की तो इन पर इंदिरा कॉलोनी की शीला देवी पत्नी लक्ष्मी दास का नाम लिखा था। दस्तावेजों के आधार पर पुलिस इंदिरा कॉलोनी गई तो वहां उक्त महिला के घर के गेट पर ताला लटका पाया गया। आस-पड़ोस में पूछताछ करने पर पड़ोसी जोगिंदर शर्मा से पता चला कि महिला के घर के सदस्य फिलहाल प्रदेश से बाहर गए हैं, जिनसे मोबाइल पर संपर्क किया गया तो पता चला कि वे बेंगलुरू में हैं। परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही घर में चोरी का सही पता चल पाएगा। हालांकि पुलिस जांच में जुटी हुई है। घर के पिछले हिस्से में बाथरूम का दरवाजा टूटा हुआ है।
बता दें कि बीते शनिवार को गोविंदसर में स्थानीय लोगों ने तीन चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। लोग इस घटना को भी इन्हीं चोरों से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल हटली मोड़ पुलिस चौकी में आरोपियों से चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।