कठुआ। शहर के शिवानगर स्थित श्री बाला जी सेल्स के गोदाम में अज्ञात परिस्थितियों में लगी आग से पूरा गोदाम तबाह हो गया है। आग लगने से गोदाम के मालिक को लाखों का नुकसान उठाना पड़ा है।
मंगलवार सुबह हुई इस घटना के संबंध में गोदाम के मालिक अमन कोहली ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे मोहल्ले के चौकीदार को उनके गोदाम में आग लगने की जानकारी हुई। जिसके बाद वह गोदाम में लगी आग की जानकारी देने के लिए उनके घर आया। गोदाम में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद वह आनन फानन में मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग से गोदाम शटर भी जल चुका है और अंदर से तेज लपटें उठ रही हैं। तेज आग को देखने के बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर फायर सर्विस का नंबर लिया और फिर उन्हें घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर सर्विस के जवानों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को तो काबू कर लिया लेकिन इस दौरान गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख में तब्दील हो गया। उन्होंने बताया कि जब गोदाम को आग लगी तो वहां कोई नही था। इसलिए आग कैसे लगी इस बारे में वह कुछ बताने की स्थिति में नही हैं। वहीं नुकसान का भी सही अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा है। आग लगने से वहां रखे माल के बिल भी जलकर राख हो गए हैं। उन्हे सिर्फ इतना पता है कि तीन लाख रुपये के लगभग का एक्सपायर माल था जिसे वापस भेजा जाना था। करीब 10 से 12 लाख का माल गोदाम में रखा था, जिसमें से कुछ भी नही बचा है।