कठुआ। ताजा बर्फबारी के बाद जिले के दूर दराज अधिकांश इलाकों में पारा जहां माइनस में लुढ़का हुआ है और सर्द हवाओं का दौर जारी है। वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी सोमवार को भी देर शाम तक बिजली बहाली के प्रयासों में जुटे रहे। विभाग की एक एक बिजली लाइन की जांच के बाद बिजली बहाल कर लोगों को राहत का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के दूर दराज इलाकों में बिजली बहाली का प्रयास लगातार दूसरे दिन भी जारी रहे हैं। रविवार को 33केवी लाइन के बहाल होने के साथ साथ ही बिजली विभाग की ओर से 11 केवी लाइनों को जांचने का काम शुरू कर दिया गया था। बनी सब डिवीजन के ढग्गर, डंडी गुट्टू, रौल्का, दौल्का, दौला माता आदि में तीन से चार फुट तक बर्फ गिरी है।
इन इलाकों में सोमवार को भारी प्रयासों के बाद भी बिजली पूरी तरह से बहाल नहीं हो पाई है। बनी और डुग्गन के कुल 220 ट्रांस्फार्मरों में से सोमवार शाम तक 195 ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया गया है। जिन इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो पाई है, उन इलाकों में लकड़ी के खंभे टूटने से अधिक नुकसान हुआ है। भारी बर्फबारी और दुर्गम इन इलाकों में अगले कुछ दिनों में बिजली बहाल होने की उम्मीद है।
उधर, भारी बर्फबारी और बारिशों के दौर में बिजली विभाग को जिले में 60 के लगभग ट्रांसफार्मरों का नुकसान झेलना पड़ा है। विभाग के कार्यकारी अभियंता मदन लाल भगत ने बताया कि ट्रांस्फार्मरों के अतिरिक्त 150 लकड़ी के खंभे, दस स्टील टयूबुलर खंभे और सीमेंट के 15 खंभे भी टूटे हैं। बताया कि सोमवार शाम तक जिले के तमाम 117 फीडरों को बहाल कर दिया गया है।