कठुआ। कोरोना की तीसरी लहर में जिले में बढ़ रहे संक्रमितों के ग्राफ के बाद दिए गए रैंडम जांच के निर्देश में डीसी कार्यालय में ही आठ लोगों को संक्रमित पाया गया है। इसके बाद मिनी सचिवालय में प्रवेश के लिए पाबंदियों को लागू कर दिया गया है।
24 घंटे की निगेटिव रिपोर्ट के साथ ही जिला सचिवालय में अब लोगों को प्रवेश मिल सकेगा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी निर्देश जारी करते हुए सभी प्रधानाचार्यों, हेडमास्टरों और स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए उनके कार्यालय में न आएं। यह प्रक्रिया ई मेल के माध्यम से पूरी की जाए।
सोमवार को मिनी सचिवालय कठुआ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की रैंडम जांच शुरू की गई। डीसी से लेकर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की जांच की गई। कुल 108 सैंपल में आठ कर्मचारियों को कोरोना संक्रमित पाया गया है। आनन फानन में मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार को बंद करते हुए पोस्टर चस्पा दिया गया। इसमें कार्यालय में आने वाले लोगों के लिए चौबीस घंटे के भीतर की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिलावर में 149 कर्मचारियों की जांच की गई जिनमें दो संक्रमित पाए गए। हीरानगर में लिए गए कर्मचारियों के दस रैपिड सैंपल में सभी निगेटिव रहे हैं। उधर, प्रशासन के निर्देश के बाद पुलिस की विभिन्न टीमें शहर के बाजारों, चौक-चौराहों पर नाके लगाने के साथ ही दौरे कर चालान काटती नजर आईं।
लोगों को पिछले दो सप्ताह से लगातार प्रशासन कोरोना उचित व्यवहार का पालन करने की अपील कर रहा था जिसके बाद अब सख्ती बढ़ा दी गई है।