कठुआ। सूचना और शिक्षा अभियान के तहत जिला के पहाड़ी उपमंडल के बाड़ी और डुग्गन गांव में राजस्व विभाग अपनी जमीन अपनी निगरानी पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। एसडीएम जोगिंदर सिंह जसरोटिया की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविरों के दौरान भूमि निगरानी के लिए बनाए गए पोर्टल की विस्तार से जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चलोग से धमान तक सड़क निर्माण में आई जमीन के 32 लाभार्थियों को मुआवजे की राशि का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व कर्मियों ने उपस्थित लोगों को पोर्टल के माध्यम से सिर्फ खसरा नंबर डालकर जमीन की नकल हासिल करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड मॉर्डनाइजेशन प्रोग्राम के तहत तीन चरणों में इस कार्यक्रम के पहले चरण में लैंड रिकॉर्ड की स्कैनिंग की गई है। दूसरे चरण में उपमंडल की सारी भूमि का सर्वे होगा, वहीं तीसरे चरण में रिकॉर्ड क्रिएशन और विवादित मुद्दों को सुलझाया जाएगा।
अपनी जमीन अपनी निगरानी कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल फोन और कंप्यूटर पर खसरा नंबर डालकर घर बैठे लोग अपनी जमीन की नकल आसानी से हासिल कर सकते हैं, वही प्रमाण पत्र भी ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। स्वामित्व टीम के अंतर्गत आबादी देय भूमि की हदबंदी करके ड्रोन द्वारा उसका सर्वे किया जाएगा और जमीन के मालिकों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए जाएंगे।