कठुआ। लखनपुर पुलिस ने लगातार तीसरे दिन मवेशियों की तस्करी के प्रयास को विफल किया है। इस दौरान 23 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार लखनपुर थाना प्रभारी सुरिंदर पॉल सिंह की देखरेख में नाका लगाया गया था। इस दौरान पंजाब से आ रहे ट्रक पीबी46एच-9987 को शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका। कश्मीर की ओर जाने वाले उक्त ट्रक की तलाशी में 23 मवेशी बरामद हुए।
इसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अमरीक सिंह निवासी रानीके तहसील अटारी जिला अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी कठुआ ने कहा कि पुलिस मवेशियों की तस्करी रोकने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। जनता से अपील की है कि पुलिस के साथ इस तरह के मामलों की जानकारी को साझा करें। जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।