हीरानगर। ब्लॉक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम राकेश शर्मा और विभिन्न विभागों के अधिकारी यहां मौजूद रहे।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता संजीव जसरोटिया ने समाधियां स्थल पर बनी सरकारी इमारत को निकाय समिति को सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा कि 17 वर्ष पहले यह इमारत बनाई गई थी। इसे अब तक निकाय समिति को सौंपा नहीं गया है। इस पर एसडीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि जगह का स्टेटस ग्रामीण विकास विभाग को दे दिया जाएगा।
इसके साथ ही इमारत निकाय समिति को सौंपने के निर्देश भी दिए जाएंगे। इस दौरान कुछ लोगों ने बिजली, पानी की समस्याओं के बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। अधिकारियों ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।