नगरी में स्वच्छता जागरूकता रैली निकालते म्यूनिसिपल कमेटी के कर्मचारी व पार्षद, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत लखनपुर म्यूनिसिपल कमेटी ने कस्बे की साफ सफाई में आम लोगों की भागीदारी मांगी है। इस उद्देश्य से मंगलवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कमेटी के कार्यकारी अधिकारी सुभाष चंद्र रैना की देखरेख में आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों, पार्षदों और स्थानीय लोगों ने पूरे कस्बे में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों से कस्बे की सफाई में नगर कमेटी का सहयोग करने का आह्वान किया गया। वहीं, कस्बे में रहने वाले परिवारों को उनके घरों से निकलने वाला गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के लिए कूड़ेदान भी वितरित किए गए।
सुभाष चंद्र रैना ने बताया कि इस दौरान कमेटी ने विभिन्न वार्डों का दौरा भी किया, और वहां की सफाई व्यवस्था में स्थानीय लोगों की सहभागिता को भी परखा। जिसमें पूरे कस्बे के सभी वार्डों में वार्ड 3 को पहला स्थान मिला। इसके बाद वार्ड के पार्षद को कमेटी ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ताकि, वह अपने वार्ड में सफाई में लोगों का योगदान इसी तरह बनाए रखने के लिए प्रेरित कर सकें।
इस क्रम में नगरी म्यूनिसिपल कमेटी ने कस्बे में जागरूकता रैली का आयोजन किया। कमेटी के अध्यक्ष अनिल सिंह अंदोत्रा के नेतृत्व में निकाली गई रैली ने पूरे कस्बे में भ्रमण करते हुए लोगों को कस्बे की स्वच्छता बनाए रखने में कमेटी का सहयोग करने की अपील की। साथ हर परिवार को कूड़ेदान भी वितरित किए गए।
अंदोत्रा ने कहा कि कस्बे को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए कमेटी हर संभव प्रयास करती है। जिसका परिणाम कस्बे की गलियों में दिखाई देता है। अपने घरों से निकलने वाले कचरे को लोग जहां-तहां फेंकने की बजाय, अगर कचरा ढोने वाली गाड़ी में ही डालें, तो इससे पूरे कस्बे को साफ सुथरा बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी।