हीरानगर। राजबाग पुलिस ने नाके के दौरान एक गाड़ी से नशीली दवा की 24 बोतलें बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए युवकों में से एक कठुआ के जाने-माने व्यापारी परिवार से ताल्लुक रखता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएचओ अमित सांगडा ने टीम के साथ जम्मू-पठानकोट हाईवे पर नाका लगाया, और यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जम्मू से कठुआ की ओर आ रही एक विटारा ब्रेजा गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान इसमें से नशे की दवा की 24 बोतलें बरामद की गईं। गाड़ी में सवार तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान दीपक कुमार गुप्ता निवासी वार्ड 17 कठुआ, तरुण शर्मा निवासी वार्ड 6 कठुआ और हितेश गुप्ता निवासी वार्ड 2 कठुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।