कठुआ। पूरे देश में एक बार फिर बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को डीसी राहुल यादव और एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल ने लखनपुर कॉरिडोर का दौरा कर वह व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कॉरिडोर पर तैनात कर्मचारियों को सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीसी राहुल यादव ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जम्मू कश्मीर के मुख्य प्रवेश द्वार लखनपुर में उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। जहां तैनात कर्मचारियों को अपने दायित्व सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रवेश द्वार लखनपुर आने वाले लोगों में 33 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद से जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने वाले इस प्रमुख मार्ग के साथ-साथ जिला के अन्य प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सक्रियता बरती जा रही है। ताकि जम्मू कश्मीर में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन से निपटने के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू कश्मीर में विदेश से आने वाले हर व्यक्ति की आरटीपीसीआर जांच आवश्यक रूप से की जा रही है, साथ ही उन्हें सात दिन क्वारंटीन भी किया जा रहा है। जिसके बाद उनकी एक बार फिर जांच की जाएगी। इस व्यवस्था को बनाए रखने के लिए खरोट में कोविड केयर सेंटर स्थापित कर दिया गया है। ताकि जिन लोगों के पास यहां पर रहने के लिए जगह नहीं है। उन्हें क्वारंटीन किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे उठाए जाएंगे।
वहीं, बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की जांच के लिए बनाए गए विशेष कॉरिडोर के प्रभारी डॉ. सचिन फोत्रा ने बताया कि जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने वाले हर यात्री की पूरी सख्ती से जांच की जा रही है। इस क्रम में प्रतिदिन डेढ़ से दो हजार लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। गत दिवस जम्मू कश्मीर में आने वाले 33 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इनमें से जो लोग अपने घरों को वापस जा सकते थे। उन्हें वापस भेजा गया है। जबकि जिन लोगों को के पास जम्मू कश्मीर में रहने के लिए उचित स्थान नहीं है उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा गया है ताकि संक्रमण को आम लोगों के बीच फैलने से रोका जा सके।