कठुआ। तापमान में आई गिरावट के बावजूद जिले में डेंगू का डंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू का प्रकोप शुरू हुए तीन महीने बीतने को हैं लेकिन नए मामले आने रुक नहीं रहे हैं। वीरवार को एक बार फिर 4 नए मामले डेंगू के सामने आए हैं, जिसके बाद जिले में इस सीजन के आधिकारिक आंकड़े बढ़कर 300 पहुंच गया हैं। वहीं कोरोना के संक्रमण ने भी अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। पिछले चौबीस घंटों में कोरोना के दो संक्रमित पाए गए हैं। जबकि पांच मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले कोरोना के सक्रिय मरीजों का आंकड़ा तीन हो गया है।
डेंगू के ताजा मामले शहर के पटेल नगर, वार्ड 6 और 12 के साथ पल्ली मोड़ से रिपोर्ट हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग की टीमें भी शहर के विभिन्न वार्डों में एंटी लारवा स्प्रे करवाने में जुटी रहीं। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने बर्तनों से लेकर पानी की टंकियों और पुराने पड़े टायरों के पानी में पनप रहे एडीज मच्छर के लारवा लोगों को दिखाकर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया। मलेरिया विभाग के इंस्पेक्टर लोकेश राज ने कहा कि डेंगू के खिलाफ विभाग लगातार सक्रिय है। इसके लिए जगह-जगह दवा का छिड़काव करने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बावजूद अभी कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को डेंगू के मच्छर मिल रहें है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने देने की अपील करते हुए कहा कि अगर लोग उनका सहयोग करें तो डेंगू की समस्या का जल्द निदान हो सकता है।