कठुआ। जिला में अवैध रूप से शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। वीरवार को विभाग की गठित टीम ने जिला के चार अलग-अलग गांव में दबिश को अंजाम देकर वहां अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब निर्माण करने के लिए छिपाकर रखी गई 1600 किलोग्राम लाहन के साथ 30 लीटर तैयार देसी शराब को जब्त कर लिया।
आबकारी आयुक्त किशोर सिंह चिब और सहायक आबकारी आयुक्त कुसुम शर्मा के निर्देश पर गठित टीम का नेतृत्व कर रहे आबकारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार और रजी अहमद की टीम ने जिला के जराई, तरफसांझी, खोख्याल और सुमवां क्षेत्र में औचक दबिश देते हुए वहां निर्जन स्थानों की तलाशी ली। टीम ने अवैध रूप से शराब का निर्माण करने के लिए निर्जन स्थानों पर छुपा कर रखी गई 1600 किलोग्राम लाहन के साथ-साथ 30 लीटर तैयार देसी शराब के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई तरह की सामग्री को भी जब्त किया। आबकारी विभाग की टीम ने लाहन के साथ शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया।