सरपंच की हत्या की विभिन्न राजनीतिक दलों ने की निंदा
सरपंच समीर अहमद भट की हत्या की सभी राजनीतिक दलों ने निंदा की है। भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं स्वीकार नहीं हैं। घटना में शामिल आतंकी मानवता और शांति के दुश्मन हैं जो निहत्थे नागरिकों को मारकर बहादुरी का दावा करते हैं। वास्तव में वे कायर हैं जो जमीनी स्तर पर फलते-फूलते लोकतंत्र को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं।
नेशनल कांफ्रेस उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा कि हमले की कड़ी से कड़ी निंदा करें। इस मूर्खतापूर्ण रक्तपात का अंत होना चाहिए। सरपंच के परिवार के प्रति उनकी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ऐसे लोग जो अधिक से अधिक अच्छा काम करना चाहते हैं वह आतंकियों की राजनेताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक लंबी सूची में शामिल हो जाते हैं।
समीर का अपराध यह था कि वह अच्छा काम करना चाहते थे। पीडीपी ने भी हत्या की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन के लंबे दावों के विपरीत, इस तरह के हमले कश्मीर में सुरक्षा परिदृश्य को उजागर करते हैं। दुख की इस घड़ी में हमारे विचार और प्रार्थना परिवार के साथ हैं।