शहर के आली कदल इलाके में आग लगने से सात मकान जलकर राख हो गए। इस घटना में पांच स्थानीय लोग और एक दमकल कर्मचारी घायल हुआ है। इनमें से 56 वर्षीय महिला ने बाद में श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला बुरी तरह झुलस गई थी।
वहीं कुपवाड़ा जिले के रेडबुगहा के लोन मोहल्ला में दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। सेना ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाकर जानी नुकसान होने से बचा लिया। घटना में माली नुकसान काफी हुआ है।
नजीर अहमद लोन के घर में आग लगी तो तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया। इसमें सेना ने भी मदद की। जवानों ने मकान से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।