बीसी रोड पर जाम की समस्या हल नहीं हो पा रही है। नए बस स्टैंड पर बहुत कम सवारियां पहुंच रही हैं। बीसी रोड पर ही लोग बसें लेने के लिए खड़े हो रहे हैं। इस कारण बसों के बार-बार यहां रुकने से जाम की समस्या बन रही है। बस स्टैंड के अंदर खुलीं नई दुकानों में भी खरीदारी कम होने से दुकानदार परेशान हैं।
विज्ञापन
पहले लॉकडाउन के कारण कारोबार मंदा रहा, अब सवारियां न आने से नुकसान हो रहा है। वहीं, शाम के वक्त रेहड़ियां भी सड़क किनारे लगाई जा रही हैं। अधिक भीड़ रहने से लोगों को पैदल चलने में परेशानी आ रही है। बस स्टैंड में दुकान करने वाले मधु शर्मा, संजय दत्ता, गुलशन और नवीन का कहना है कि बस स्टैंड से ही सवारियों को बिठाया जाए।
अधिकतर लोग बीसी रोड पर ही बसों में बैठ रहे हैं। बस स्टैंड पर लोगों के ना आने से उनकी आय नहीं हो पा रही। साथ ही बीसी रोड पर भी जाम लग रहा है। दुकानदारों का कहना है कि पहले ही स्पष्ट किया गया था कि बसें स्टैंड के अंदर से ही चलेंगी और सवारियां भी यहां पर बिठाई जाएंगी, लेकिन अब इस पर प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा।