दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा 48 दिन चलेगी
- फोटो : PTI
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकाप्टर की टिकटों की बुकिंग सोमवार को शुरू हो गई। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ पीके त्रिपाठी के अनुसार इस वर्ष यात्रा के दो मार्गों पर हेलीकाप्टर सेवा मुहैया करवाने वाली तीन कंपनियों ने चार अप्रैल से टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। बालटाल मार्ग से एकतरफा टिकट 2000 रुपये और पहलगाम मार्ग से 4300 रुपये होगा। इसमें 12.6 फीसदी सर्विस टैक्स भी शामिल होगा।
बालटाल-पंजतरणी सेक्टर में पवन हंस और ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकोर्प लिमिटेड के हेलीकाप्टर उड़ान भरेंगे, जबकि पहलगाम-पंजतरणी मार्ग पर हिमालयन हेली सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सेवाएं प्रदान करेगी।
हेलीकाप्टर की टिकटों की बुकिंग के लिए श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर भी पूर्ण जानकारी उपलब्ध है। बोर्ड की वेबसाइट पर हेली आपरेटरों की बुकिंग साइट के लिंक भी उपलब्ध हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार श्री अमरनाथ यात्रा दो जुलाई से 18 अगस्त तक चलेगी।