श्रीनगर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में वर्ल्ड टी-20 मैच को लेकर कश्मीरी और ग़ैर-कश्मीरी छात्रों में गुरुवार से तनाव बना हुआ है।गुरुवार को वेस्ट इंडीज की जीत और भारत की हार पर पूरे कश्मीर में पटाखे फोड़कर जश्न मनाया गया था। इससे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी भी अछूता नहीं था
जहां कश्मीरी छात्रों ने जश्न मनाया था। इंस्टीट्यूट में मौजूद ग़ैर-कश्मीरी छात्रों के हॉस्टल पर कश्मीरी छात्रों ने जश्न मनाने के दौरान कथित तौर पर पत्थर फेंके थे। बीते शुक्रवार को इंस्टीट्यूट के गैर-कश्मीरी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराकर राष्ट्रीय नारे लगाए, जिसकी वजह से कश्मीरी छात्र भड़क उठे।
रविवार को निर्दलीय विधायक इंजीनयर रशीद ने श्रीनगर में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इंस्टीट्यूट के एक घायल कश्मीरी छात्र इम्तियाज़ अहमद को मीडिया के सामने पेश किया।
उन्होंने कहा, 'अगर इम्तियाज़ पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो वह इंस्टीट्यूट के गेट के आगे धरने पर बैठेंगे।'इस घटना के बाद शुक्रवार को इंस्टीट्यूट के अधिकारियों ने सोमवार तक संस्थान को बंद रखने का फ़ैसला लिया है।